रुद्रप्रयाग – एक दिवसीय जनपद भ्रमण पर पहुंचे प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में जनपद में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं चारधाम यात्रा के दृष्टिगत स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली।
जनपद में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य मंत्री द्वारा उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं एवं उपलब्ध चिकित्सकों एवं स्टाफ के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि आम जनमानस को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है।
इस दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि चिकित्सकों को आवासीय व्यवस्था से संबंधित कोई परेशानी न हो इसके लिए सीएमओ एवं सभी चिकित्सकों को आवास उपलब्ध कराए जाने के लिए 10 करोड़ रुपए की धनराशि उपलब्ध कराने के लिए कहा, जिसके लिए उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को इस संबंध में शीघ्र ही प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा।
