देहरादून.
उत्तराखंड की दो विधानसभाओं में होने वाले उप चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू हो गई है। बदरीनाथ और मंगलौर विधानसभा में 10 जुलाई को मतदान होना है और 13 जुलाई को वोटो की गिनती होगी। इसके लिए 14 जून से नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो रही है, जिसको लेकर भारतीय जनता पार्टी ने प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विपिन कैंथोला ने बताया कि मंगलौर विधानसभा के लिए प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी और पूर्व मंत्री खजान दास को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। बदरीनाथ विधानसभा के लिए कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत और रुद्रप्रयाग से विधायक भारत चौधरी को नियुक्त किया गया है। दोनों विधानसभाओं से तीन-तीन प्रत्याशियों के पैनल को केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजा जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी चयन को अंतिम रूप देने के बाद उनके नाम की घोषणा की जाएगी।
