गुंजन की जान को खतरा बताते हुए परिजनों ने खुड़बुड़ा चौकी में महज तीन दिन पहले ही शिकायत दी थी लेकिन पुलिस ने इस गंभीरता से नहीं लिया।

देहरादून दूल्हा बाजार में दिनदहाड़े गुंजन की हत्या करने का आरोपी आकाश दो दिनों से धारदार हथियार लेकर घूम रहा था। 31 जनवरी को ही आकाश की पत्नी ने इसकी जानकारी गुंजन के परिजनों को दी थी।

खुद गुंजन के चचेरे भाई अंश ने इसकी जानकारी दी। यदि समय रहते इस बात को गंभीरता से लिया जाता तो शायद गुंजन की जान बच सकती थी।

सोमवार को शहर कोतवाली क्षेत्र के दूल्हा बाजार में आकाश ने गुंजन पर चापड़ से हमला कर दिया था जिससे गुंजन की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद व्यापारियों ने आक्रोश में बाजार बंद कर दिया था। जांच में सामने आया कि पूर्व में आकाश के परेशान करने पर गुंजन ने पुलिस चौकी में शिकायत की थी। वहां दोनों के बीच समझौता हो गया था।

इसके बाद वह लगातार गुंजन से संपर्क का प्रयास करता रहा। कई बार गुंजन को मारने की धमकी भी दे चुका था। 31 जनवरी को आकाश की पत्नी ने गुंजन के परिजनों से संपर्क किया था। गुंजन के भाई अंश ने बताया कि आरोपी आकाश की पत्नी ने फोन करके आगाह किया था कि वह धारदार हथियार लेकर घूम रहा है।

पुलिस को दी गई तहरीर में भी गुंजन के भाई ने जिक्र किया है कि आकाश ने फिल्मी स्टाइल में धमकी दी थी। आरोप है कि आकाश ने दबाव बनाया था कि अगर गुंजन उससे शादी नहीं करेगी तो वह जान से मार देगा।

एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि टीम को जल्द से जल्द गहनता से जांच पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में हर पहलू की गंभीरता से पड़ताल की जाएगी। उसी आधार पर चार्जशीट फाइल की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *