हिमाचल प्रदेश के चौपाल-नेरवा से पांवटा जा रही एचआरटीसी की एक बस क्वानू के पास खाई में गिर गई। ट्रक को साइड देते समय सड़क का पुश्ता धंसने से यह हादसा हुआ। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई,

 

जबकि पंद्रह से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग बचाव कार्य में जुटे हैं, और पुलिस व एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर रवाना हो गई है।

देहरादून। मंगलवार सुबह हिमाचल प्रदेश के चौपाल-नेरवा से पांवटा जा रही एचआरटीसी की एक बस क्वानू के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रुप से घायल हो गए।

यह बस सुबह साढ़े छह बजे चौपाल डिपो से पहले नेहवा पहुंची और उसके बाद मीनस-क्वानू- हरिपुर रूट से पांवटा जा रही थी। बस में तीस से अधिक लोग सवार बताए जा रहे हैं। घटना सुबह करीब दस बजे की बताई जा रही है।

मीनस-क्वानू- हरिपुर मार्ग पर सुदोई खड्ड के पास ट्रक को साइड देने के चक्कर में सड़क का पुश्ता धंसने से सवारियों से भरी एचआरटीसी की बस खाई में कई पलटे खाने के बाद सीधे खड्ड में जा गिरी।

स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर जुटे हैं। घटना की सूचना से पुलिस प्रशासन व एसडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना हो गई।

वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख जताया। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में लिखा, क्वानू-मीनस मोटर मार्ग, कालसी क्षेत्र (देहरादून) में हिमाचल परिवहन निगम की बस के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है।

दुर्घटना की सूचना प्राप्त होते ही जिलाधिकारी से दूरभाष पर बात कर आवश्यक निर्देश दिए। जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ कराया गया है।

नजदीकी सभी चिकित्सा केंद्रों को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है। आवश्यकता पड़ने पर किसी भी गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया जाएगा। ईश्वर से सभी यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं’।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *