किच्छा के ग्राम अंजनिया में एक नाबालिग बालिका का विवाह हरियाणा के 27 वर्षीय युवक से होने से रोक दिया गया। आईएसडी और पुलिस की संयुक्त टीम ने सतर्कता दिखाते हुए 15 वर्षीय बालिका को बाल वधू बनने से बचाया। बालिका को वन स्टॉप सेंटर रुद्रपुर भेजा गया है, और परिजनों को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया जाएगा।

किच्छा। नाबालिक से विवाह करने हरियाणा का युवक बारात लेकर पहुंच गया। परंतु स्वयं सेवी संस्था आईएसडी की सतर्कता के बाद पहुंची पुलिस के सहयोग से विवाह रुकवा बालिका को वन स्टाप सेंटर भिजवा दिया गया।

पुलभट्टा थाना अंतर्गत ग्राम अंजनिया की 15 वर्षीय बालिका बाल वधू बनने जा रही थी। सामाजिक कुरीतियों के चलते उसे रोकने के लिए इंस्टीट्यूट आफ सोशल डेवलेपमेंट के अध्यक्ष डा. अमित कुमार श्रीवास्तव आगे आ गए।

आईएसडी बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जनपद में जस्ट राइट फार चिल्ड्रन एलायंस के सहयोग से बाल विवाह मुक्ति रथ का संचालन कर रहा है।चाइल्ड लाइन 1098 व पुलिस हेल्पलाइन 112 पर किया सूचित

सोमवार रात ग्राम अंजनिया में 15 वर्षीय बालिका का विवाह संपन्न होने की सूचना पर आईएसडी की परियोजना निदेशक बिंदुवासिनी ने चाइल्ड लाइन 1098 व पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचित किया। उसके उपरांत पुलिस टीम के साथ संयुक्त टीम सोमवार रात्रि ग्राम अंजनिया पहुंच गईं।

जहां बारात निकालने की तैयारी चल रही थी। बिंदुवासिनी ने बताया बालिका के स्वजनों से जब आधार कार्ड मांगा गया तो वह आनाकानी करने लगे। जूनियर हाई स्कूल से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर बालिका की उम्र 15 वर्ष 11 माह पाई गई। जिसके चलते विवाह रुकवा दिया गया।

ऊधम सिंह नगर के चाइल्ड लाइन व बाल कल्याण समिति के निर्देशानुसार आईएसडी टीम व पुलिस ने बालिका को वन स्टाप सेंटर रुद्रपुर में दाखिल करवाया। बिंदुवासिनी ने बताया दूल्हा व दुल्हन के स्वजनों को बाल कल्याण समिति के समक्ष अग्रिम कार्यवाही के लिए प्रस्तुत किया जाएगा ।

विवाह के पूरे कार्यक्रम की वीडियो ग्राफी कराई गई है मौके पर मौजूद बैंड बाजा व कैटरर को भी निर्देश दिया गया की आगे से कभी कोई भी वैवाहिक कार्य लेने से पहले यह जरूर जांच लें कि दूल्हा और दुल्हन बालिग उम्र के हो ।

दोपहरिया के ग्राम प्रधान अमन कश्यप को भी मौके पर बुलवा ग्राम पंचायत क्षेत्र में वैवाहिक कार्यक्रमों में दूल्हा व दुल्हन के बालिग होने की जानकारी प्राप्त कर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान में सहयोग की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *