देहरादून: उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2026 के विमेंस फाइनल में देहरादून वॉरियर्स ने मसूरी क्वींस को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। गुरुवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में देहरादून की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 115 रन बनाए। जवाब में मसूरी क्वींस की टीम निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 100 रन ही बना सकी।

देहरादून वॉरियर्स की शुरुआत खराब रही और कप्तान धैता मोहन वर्मा बिना खाता खोले आउट हो गईं। इसके बाद कैरी भी 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। मुश्किल परिस्थिति में नीलम भारद्वाज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 48 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, प्रीति भंडारी ने 17 गेंदों में 26 रन बनाकर टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया। मसूरी की ओर से पूजा राज ने तीन विकेट हासिल किए।

116 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मसूरी क्वींस ने शुरुआती पांच ओवर में बिना विकेट गंवाए 30 रन बनाए। लेकिन इसके बाद टीम के विकेट लगातार गिरते रहे और 10.3 ओवर में मसूरी का स्कोर 43 रन पर चार विकेट हो गया। गरिमा वशिष्ठ और दीपिका चंद ने साझेदारी कर टीम को मुकाबले में वापसी कराने की कोशिश की। हालांकि, 18वें ओवर में गरिमा के आउट होने के बाद मसूरी की जीत की उम्मीदों को झटका लगा।

देहरादून की ओर से अमीषा बहुखंडी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके। टीम ने आखिरी ओवरों में संयम बनाए रखा और मसूरी को लक्ष्य हासिल नहीं करने दिया।

फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए नीलम भारद्वाज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब भी मिला। इस जीत के साथ देहरादून वॉरियर्स ने विमेंस उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2026 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *