देहरादून– कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कुठाल गेट स्थित स्वामी राम तीर्थ आश्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत मसूरी विधानसभा के श्रीदेव सुमन नगर मंडल एवं शहीद दुर्गा मल्ल मंडल के प्रशिक्षण वर्ग के सत्र का दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस प्रशिक्षण वर्ग में संगठन की कार्यप्रणाली, जनसंपर्क, और सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन एवं पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में डबल इंजन सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन और समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जिसकी असली शक्ति उसके समर्पित, अनुशासित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं में निहित है।उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ के समान है, जो न केवल विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करता है, बल्कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय का जो चिंतन था, उसे हमारी सरकार साकार करने का कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और योजनाओं का लाभ पहुंचे, ताकि वास्तविक रूप से समावेशी विकास सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *