खटीमा : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नैनीताल लोकसभा के अंर्तगत खटीमा में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई लोगों को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करवाई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि खटीमा को हम मिनी इंडिया कहते हैं। खटीमा मेरी कर्म भूमि है। 2024 के लोक सभा चुनाव का संकल्प पत्र बीजेपी ने जारी कर दिया है।

उन्होंने कहा मैं प्रियंका जी को बताना चाहता हूं कि प्रदेश के अंदर राज्य स्थापना के बाद पहली बार नकल माफियाओं की कमर तोड़ने का काम भाजपा सरकार बहुत पहले ही कर चुकी है। उन्होंने कहा प्रदेश में नकल विरोधी कानून के लागू होने से पारदर्शिता और समय से परीक्षाएँ संपन्न हो रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नकल माफियाओं को संरक्षण देने का काम कांग्रेस ने किया। इन्होंने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। उन्होंने कहा भाजपा सरकार विपक्ष के द्वारा की गई गलतियो को सुधारने में लगी है।

कांग्रेस हमेशा भ्रष्टाचार का पक्षधर रहा है, जबकि प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के पक्षधर हैं। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के हाथ को करप्शन वाला काला हाथ बताया। उन्होंने कहा कांग्रेस ने हमेशा उत्तराखंड को पीछे धकेलने का काम किया। कांग्रेस दल और इनके नेता देवभूमि और इस देश के लिए विपत्ति हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक बेटे के रूप उनके लिए खटीमा की उन्नति विकास उनकी प्रथमिकता रहा है। उन्होंने नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा के सभी मतदाताओं से आग्रह किया कि विकसित उत्तराखंड के लिए, विकसित भारत के लिए, अधिक से अधिक संख्या में 19 अप्रैल को भाजपा के पक्ष में मतदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *