पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के खिलाफ असम की एक महिला ने 2002-03 के दुष्कर्म, अपहरण और यौन उत्पीड़न मामले में एफआईआर दर्ज कराई है।

शिकायत के मुताबिक, बार-बार हुए कथित यौन उत्पीड़न के चलते महिला गर्भवती हो गई। इसके बाद उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। महिला का आरोप है कि उसे बिना किसी वैध मजिस्ट्रेट के आदेश के नारी निकेतन अथवा सरकारी मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में भेज दिया गया, जहां मानसिक रूप से अस्वस्थ महिलाओं के बीच रखा गया। जून 2003 में उसने देहरादून के सरकारी अस्पताल में एक बेटे को जन्म दिया।

अधिवक्ता ने भी उचित तौर पर नहीं रखी बात

महिला का दावा है कि उस समय भी मामला दर्ज हुआ था और सीबीआई जांच हुई थी, लेकिन वह हिंदी नहीं समझती थी। अधिकारियों ने असमिया अनुवादक की व्यवस्था किए बिना उससे हिंदी में तैयार बयान पर हस्ताक्षर करा लिए।

उसका आरोप है कि उसे दिए गए अधिवक्ता ने भी उसकी बात उचित तरीके से नहीं रखी। महिला के मुताबिक, उसके नवजात बेटे का कभी डीएनए नमूना नहीं लिया गया और बाद में उसे बताया गया कि मामला बंद हो चुका है। आरोप है कि उसे पुलिसकर्मियों के माध्यम से उत्तराखंड से बाहर भेज दिया गया और दोबारा नहीं लौटने की धमकी दी गई।

23 साल बाद फिर उठाया मामला

महिला ने अपनी शिकायत में वर्ष 2016 में हरक सिंह रावत के करीबी बताए गए योगेंद्र सिंह चौहान के उससे संपर्क करने का भी जिक्र किया है। महिला ने पुलिस से खुद और अपने 23 वर्षीय बेटे के बयान मजिस्ट्रेट के सामने असमिया अनुवादक की मौजूदगी में दर्ज कराने, खुद और बेटे का ट्रिपल डीएनए परीक्षण कराने तथा वर्ष 2003 के नारी निकेतन, अस्पताल और सीबीआई से संबंधित रिकार्ड जब्त करने की मांग की है।कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

महिला की शिकायत पर पानबाजार महिला थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें भारतीय दंड संहिता की दुष्कर्म, अपहरण, अवैध बंधक बनाने, धमकी देने, साक्ष्य मिटाने और आपराधिक षड्यंत्र समेत विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं। इसके अलावा मानसिक स्वास्थ्य अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम की धाराएं भी शामिल की गई हैं।

इस मामले में असोम में जीरो एफआईआर दर्ज हुई है। एफआईआर देहरादून स्थानांतरित की गई है। प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जाएगी।

प्रमेंद्र सिंह डोबाल, एसएसपी, देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed