राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत 20 से 22 नवंबर तक उत्तराखंड प्रवास पर रहेंगे। वे रुड़की और हरिद्वार में संघ पदाधिकारियों से मिलकर शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों, पंच परिवर्तन और नशामुक्ति अभियानों की समीक्षा करेंगे साथ ही शांतिकुंज के शताब्दी समारोह में भी शामिल होंगे।

देहरादून। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डा. मोहनराव भागवत 20 से 22 नवंबर तक उत्तराखंड प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह रुड़की और हरिद्वार में संघ के क्षेत्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें और संवाद करेंगे।

बैठकों में संघ के शताब्दी वर्ष के तहत पूरे साल संचालित कार्यक्रमों और गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही समसामयिक राष्ट्रीय और सामाजिक विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा।

संघ के प्रांत कार्यवाह दिनेश सेमवाल ने बताया कि प्रवास के दौरान सामाजिक जीवन में सकारात्मक बदलाव के उद्देश्य से संचालित पंच परिवर्तन के विषयों पर भी चर्चा होगी। इनमें सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्व का बोध (स्वदेशी) और नागरिक कर्तव्य शामिल हैं।

इसके अलावा नशामुक्ति जैसे सामाजिक बुराइयों के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की समीक्षा की जाएगी। इन अभियानों में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने पर भी मंथन होगा।

भागवत के इस प्रवास का एक प्रमुख कार्यक्रम हरिद्वार स्थित गायत्री तीर्थ शांतिकुंज का शताब्दी समारोह होगा। इसमें वह गायत्री परिवार के शताब्दी आयोजन में शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed